: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर का विधायक और कलेक्टर ने किया निरीक्षण...
Fri, Jan 19, 2024
सौरव द्विवेदी
सूरजपुर.
प्रतापपुर की विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते और कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में बीएमओ से डॉक्टरों की उपस्थिति और स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान वस्तु स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने उपस्थित पंजी का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही डॉक्टरों द्वारा ओपीडी निर्धारित समय पर उपस्थित दर्ज की जाती है कि नहीं इसकी जानकारी स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित लोगों से ली गई। कलेक्टर ने बाह्य रोगी पंजी का भी बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते व कलेक्टर ने क्रमवार वैक्सीन भंडार केंद्र, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, लैब, प्रसव कक्ष, चाइल्ड केयर रूम, एनआईसी कक्ष, जनरल वार्ड पुरुष, महिला इत्यादि का अवलोकन भी किया गया। प्रतापपुर क्षेत्र के लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले, इसके लिए प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संबंधित अधिकारियों को अपनी नियमित उपस्थिति और सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए कहा। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों का आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने डॉक्टर द्वारा पर्ची में जेनेरिक दवा का लिखा जाना, समय पर डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीज को बेहतर चिकित्सा सेवा मिले इसके लिये डॉक्टर एवं स्टाफ की नियमित मॉनिटरिंग, स्वास्थ्य उपकरण और दवाइयों की कमी ना हो इसके लिए चेकलिस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। अवलोकन के दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र के बच्चों के साथ भी चर्चा की गई। जिसमें बच्चों के पालकों पोषण आहार के संबंध में पूछा गया। सामुदायिक केंद्र के एनआरसी कक्ष में 10 बेड हैं, जिसमें 6 बच्चे भर्ती होकर स्वास्थ्य सेवा का लाभ ले रहे हैं।
इसके साथ ही मितानिन प्रशिक्षक से भी मुलाकात की गई और उनसे आयुष्मान कार्ड के संबंध में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों का शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बने इसके लिए मितानिनों को युद्ध स्तर पर कार्य करने के लिए कहा और उनका उत्साहवर्धन भी किया।
: सड़क जैसी परिस्थिति में रहने वाले बच्चों का सर्वेक्षण...
Fri, Jan 19, 2024
सूरजपुर.
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर प्रत्येक जिले में सड़क या सड़क जैसी परिस्थिति में रहने वाले बच्चों का सर्वेक्षण किया जाना है। जिसके तहत जिले के कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रबेस सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल के नेतृत्व में इस प्रकार के बच्चों का सर्वेक्षण सूरजपुर के सभी 8 हॉट स्पॉट सहित अन्य स्थानों में किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रेमनगर में चिन्हाकन की कार्यवाही की गई। जिसके तहत सभी किराना दूकान, होटल, गैरेज, ईट भट्टा, बाजार में सभी संभावित स्थानों पर निरीक्षण किया गया। जिसमें भिक्षावृत्ति में संलिप्त, बाल श्रम में लगे, घुमंतू बच्चे, स्कूल ड्रॉप आउट बच्चों की पूछताछ की गई। उपरोक्त सर्वेक्षण में सूरजपुर, विश्रामपुर, प्रेमनगर, रामानुजनगर, भैयाथान, भटगांव, जरही, प्रतापपुर स्थलों का सर्वेक्षण किया जाना है। 12 से 31 जनवरी तक सर्वेक्षण कार्य किया जाना है। सर्वेक्षण में चिन्हांकित बच्चों को रेस्क्यू कर उन्हें शिक्षा से जोड़ना तथा पूर्नवासित किया जाना एवं प्रवर्तकता कार्यक्रम का लाभ दिया जाना है। सर्वेक्षण कार्य महिला बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, चाईल्ड लाईन, पुलिस विभाग सम्मिलित है। प्रेमनगर मेें चिन्हाकन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल, परामर्शदाता जैनेन्द्र दुबे, आउटरीच कार्यकर्ता पवन धीवर, प्रभारी परियोजना अधिकारी कुमारी माया राजवाडे, चाईल्ड लाईन से शीतल सिंह, श्रम विभाग से सतेन्द्र राजवाडे तथा पुलिस विभाग से चंदन सोनी उपस्थित रहे।
: मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन...
Fri, Jan 19, 2024
विशाल पटेल
सूरजपुर.
जवाहर नवोदय विद्यालय बसदेई में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार कोई भी मतदाता न छूटे के उद्देश्य से सभी मतदाताओं के मध्य प्रचार-प्रसार की कार्यवाही किया जाना है। इसी उद्देश्य से आज नवोदय विद्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मास्टर ट्रेनर के रूप में चंद्रभूषण मिश्रा सहायक प्राध्यापक, शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं विनोद कुमार साहू, सहायक प्राध्यापक, शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, के छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर चंद्रभूषण मिश्रा जी ने समस्त विद्यार्थियों को नए मतदाता बनने के लिए, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु तथा आधार से अपना मतदाता पहचान पत्र को जोड़ने के लिए जानकारी प्रदान की। उन्होंने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के बारे में छात्रों को विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने बताया कि मतदान कितना जरूरी है और इसके महत्व के बारे में बहुत सारी बातें बताई। उन्होंने बताया की 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के पश्चात ही हमें मताधिकार मिलता है। इसी क्रम में विनोद कुमार साहू ने बताया कि सही सरकार के चुनाव हेतु मतदान आवश्यक है और हमें अपने प्रतिनिधियों का चुनाव सोच समझकर करना चाहिए। अपने मतदान के सही इस्तेमाल के द्वारा हम अपने देश और समाज के भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।