: आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक...
Thu, Oct 5, 2023
सूरजपुर. आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक ली। विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारियों को कहा कि आदर्श आचार संहिता लगने पर उसका पालन कड़ाई से करें, प्रत्येक कार्यवाही निष्पक्षता से करें ताकि किसी को शिकायत का मौका न मिले। आदतन अपराधियों के विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही कराए, अवैध कार्यो पर पूर्णतः अंकुश लगाने तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही में बढ़ोत्तरी करते हुए बाउण्ड ओव्हर की कार्यवाही सुनिश्चित करने व तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरूद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि थाना-चौकी क्षेत्र में वाहन की नियमित चेकिंग बारीकी से करते हुए संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखें। सभी लाइसेंस धारकों के हथियार थानों में जमा करवाना सुनिश्चित करें। आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों धरपकड़ में तेजी लाए तथा अवैध कार्यो में लिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। निगरानी एवं माफी बदमाशों पर विशेष निगाह रखने, गांव शहर की प्रत्येक गतिविधियों की जानकारी रखने एवं सूचना तंत्र का और मजबूत करने, थाना आने वाले फरियादियों की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्यवाही करने एवं लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, सीएसपी एस.एस.पैंकरा, एसडीओपी प्रेमनगर एम्मानुएल लकड़ा, डीएसपी सिरिल एक्का, नंदिनी ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, प्रशिक्षु डीएसपी स्निग्धा सलामे, जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।
: आरबीसी 6-4 के तहत 84 लाख की सहायता राशि मंजूर...
Thu, Oct 5, 2023
सूरजपुर.
न्यायालय अपर कलेक्टर राजस्व शाखा द्वारा आरबीसी (राजस्व पुस्तक परिपत्र) 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा व दुर्घटना से पीड़ित 21 परिवारों को 84 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई। इस पर प्रकाश डालते हुए अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने बताया कि प्राकृतिक प्रकोपों से हुई फसल क्षति, मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि एवं अन्य क्षतियों के लिए छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान करती है। जिले के सात तहसील सूरजपुर, लटोरी, रामानुजनगर, प्रेमनगर, ओड़गी, भटगांव व प्रतापपुर के 21 मृतकों के निकटतम वारिसानों को 84 लाख की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
: एमसीएमसी का द्वितीय प्रशिक्षण...
Thu, Oct 5, 2023
सूरजपुर.
मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति की जिला स्तरीय समिति तथा उनके अधीन कार्य करने हेतु गठित सहायक इकाईयों का गठन किया गया है। इन समितियों का द्वितीय प्रशिक्षण आज जिला पंचायत सभाकक्ष में रखा गया था। जिसमें उपस्थित जनों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर पीसी सोनी द्वारा बिंदुवार एमसीएमसी के कार्यों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही समिति के अंतर्गत बनाए गए विभिन्न मीडिया से जिसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो व सोशल मीडिया सेल शामिल है, संबंध में आचार संहिता लगते ही प्रतिदिन की जाने वाली मॉनिटरिंग के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर एमसीएमसी की नोडल श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर द्वारा भी उपस्थित समिति के सदस्य व सेल की टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए और पारदर्शिता के साथ विधानसभा निर्वाचन के संपादन की बात कही गई।बैठक में समिति के सदस्य पत्रकार उपेंद्र दुबे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री वर्षा बंसल, सहायक संचालक आकाशवाणी श्री एस आर दत्ता, बीएसएनएल के अनुविभागीय अधिकारी चंद्रेश साहू, स्वतंत्र नागरिक मयंक राजवाड़े व गठित सेल के सदस्य उपस्थित थे।