: छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन का प्रादेशिक सम्मेलन संपन्न
Admin
Fri, Jul 27, 2018
शमरोज खान
सूरजपुर- प्रदेश की राजधानी रायपुर में संपन्न गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रिकारिता अलंकरण समारोह एवं प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में सूरजपुर एवं सरगुजा जिले के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण पत्रकारों को गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता अलंकरण से नवाजा गया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू एवं अन्य अतिथियों द्वारा जिले के पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 75 पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वाधान मे निरंजन धर्मशाला रायपुर में संपन्न एक दिवसीय प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन एवं गणेश शंकर विद्यार्थी अलंकरण समारोह मे प्रदेश के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जनर्लिस्ट के राष्ट्रीय महासचिव परमानंद पांडेय ने की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू सहित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्रियल कार्पोरेशन के अध्यक्ष छगन मूंदड़ा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी विशिष्ट अतिथि के रुप में मौजूद थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज की पत्रकारिता में विश्वसनीयता को कायम रखना कड़ी चुनौती है। ऐसी स्थिति में आपकी लेखनी विश्वसनीय होनी चाहिए। समाज हित में सजग एवं निरंतर निष्पक्ष रुप से आपकी लेखनी का प्रयोग होना चाहिए। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू ने कहा कि प्रदेश भर के 75 पत्रकारों का सम्मान करने से संघ को निश्चय ही मजबूती मिलेगी तथा सम्मान से पत्रकारों का संबल बढ़ेगा।
इनके अलावा आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय महासचिव परमानंद पांडेय सहित छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे, वरिष्ठ पत्रकार मधुकर द्विवेदी, अनिल द्विवेदी, गिरीश राज, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र जैन, डॉ निर्मला शर्मा, कुलवंत सिंह सलूजा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में पत्रकार जे.एम. तांडी को गणेश शंकर विद्यार्थी अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान करते हुए 11 हजार रूपये की नगद राशि, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अलंकृत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के 75 पत्रकारों को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए किया गया सम्मानित,,,,
सम्मेलन में सूरजपुर एवं सरगुजा जिले से पत्रकार नरेंद्र जैन सहित अशोक गुप्ता, सुरेश साहू, दिनेश बारी, चंचल सिंह, प्रताप सिंह सिसोदिया, रामचंद्र जायसवाल, शशांक गुप्ता, अमित बारी, शरद चंद्र द्विवेदी, संदीप सिंह, मनोज राजवाड़े, तुलेश्वर प्रजापति आदि ग्रामीण पत्रकारों को कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू द्वारा गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रिकारिता अलंकरण से सम्मानित करते हुए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे ने पत्रकारों की एकता पर बल दिया तथा सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पत्रकारहित में संघ के द्वारा किये जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। संघ के प्रदेश महासचिव सतीश बौद्ध ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुतिकरण एवं आभार प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में प्रदेश भर के सैकड़ों पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रायपुर संभाग अध्यक्ष शिवशंकर सोनपिपरे ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन