: पंचायत चुनाव के तर्ज पर झारपारा स्कूल में युवा एवं इको क्लब का चुनाव प्रकिया संपन्न...
Admin
Fri, Jan 24, 2020
सूरजपुर – युवा एवं इको क्लब के गठन के माध्यम से बच्चों में सृजनात्मक कौशल, कल्पनाशीलता के साथ नेतृत्व क्षमता विकास करने हेतु शासकीय प्राथमिक शाला झारपारा (पंपापुर) में पंचायत चुनाव की तर्ज पर युवा एवं इको क्लब की चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। शिक्षक गौतम शर्मा ने बताया कि नवाचार के तहत् बच्चों को पंचायत चुनाव के प्रक्रियाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से शिक्षक राजेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में युवा एवं इको क्लब का चुनाव पंचायत चुनाव की तरह आयोजित कराया गया।

बच्चों ने युवा एवं इको क्लब के सभी पदों के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करते हुए अपना नामांकन भरा। उसके बाद युवा एवं इको क्लब के निर्वाचन प्राधिकारी गौतम शर्मा के द्वारा सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आबंटित किया गया| प्रधानमंत्री के प्रत्याशी प्रिंस कुमार साहू को चाभी और विकास कुमार साहू को ताला छाप, शिक्षामंत्री के प्रत्याशी अनुराग साहू को पेन व दवात और कु.मनीषा साहू को पुस्तक छाप, वित्तमंत्री के प्रत्याशी दुर्गेश कुमार साहू को कुर्सी और कु.रूचि साहू को टेबल छाप, खेलमंत्री के प्रत्याशी राकेश साहू को बैडमिंटन और छोटू साहू को बेट बॉल छाप, कानून एवं रक्षा मंत्री के प्रत्याशी कु.प्रियंका साहू को उगता सूरज और मिथलेश साहू को नारियल पेड़ छाप, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री के प्रत्याशी कु.दिप्ती साहू को झाडू और कु.रानी साहू को नल छाप तथा कृषि एवं उद्योग मंत्री के प्रत्याशी कु.अनुराधा साहू को फावड़ा और कु.आशा यादव को हल छाप।

बच्चों ने मतदाताओं के घर-घर जाकर वोट देने की अपील भी की। मतपत्र भी पद के अनुरूप प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिन्ह के साथ अलग-अलग रंगों में तैयार करवाया गया| प्रधानमंत्री नीला, शिक्षामंत्री गुलाबी, वित्तमंत्री और खेलमंत्री सफेद,कानून एवं रक्षा मंत्री नारंगी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री पीला और कृषि उद्योग मंत्री हरा ।

बच्चों को ही मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त करके युवा एवं इको क्लब का चुनाव सम्पन्न कराया गया।बच्चे अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहित रहे। इसके बाद बच्चों को ही मतगणना अधिकारी नियुक्त कर मतगणना का कार्य सम्पन्न कराया गया । चुनाव ऑब्जर्वर का दायित्व संकुल केन्द्र सोनपुर के जनशिक्षक मोहरसाय राम शास्त्री ने निर्वहन किया। युवा एवं इको क्लब का चुनाव परिणाम और शपथ ग्रहण समारोह दिनाँक 25 जनवरी 2020 को नियत किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन