: पार्ट टाइम लेक्चरर के लिए वॉक इन इंटरव्यू 02 दिसम्बर को...
Mon, Nov 25, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
शासकीय पॉलीटेक्निक सूरजपुर, कैंपस वेटनरी पॉलीटेक्निक, सरनापारा, पर्री में संचालित त्रिवर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम हेतु रिक्त पद के विरूद्ध विषम सेमेस्टर सत्र 2024-25 में अध्यापन कार्य के लिए अंशकालीन व्याख्याता/ अस्थाई के रूप में कार्य करने हेतु इच्छुक आवेदक को वॉक इन इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया जाता है। इच्छुक आवेदक 02 दिसम्बर 2024 को समय प्रातः 11.00 बजे अपने रिज्यूम, मूल दस्तावेजों एवं एक सेट छायाप्रति के साथ शासकीय पॉलीटेक्निक सूरजपुर में उपस्थित हो सकते हैं। समय प्रातः 11.30 बजे के पश्चात् आने वाले अभ्यर्थी प्रक्रिया में सम्मिलित नहीं हो सकेंगे।
अंशकालीन व्याख्याता/ अस्थायी हेतु 01 पद व्याख्याता (अंग्रेजी), न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, संस्था से अंग्रेजी विषय में प्रथम श्रेणी में स्नातकोत्तर उपाधि। अधिक जानकारी के लिए संस्था के वेबसाइट
www.polysurajpur.ac.in
पर देख सकते हैं।
: त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के तैयारियों की समीक्षा
Mon, Nov 25, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
कलेक्टर जयवर्धन ने जिले में त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, श्री नरेंद्र पैकरा और श्री जगन्नाथ वर्मा , डिप्टी कलेक्टर श्रीमती चांदनी कंवर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। कलेक्टर जयवर्धन ने मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति,मतदान केंद्र भवनों, रैंप, शौचालय सहित सभी सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मानव संसाधन प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्रियों के सम्बन्ध में तथा संवेदनशील/ असंवेदनशील मतदान केंद्रों की जानकारी लेते हुए दिशा निर्देश दिए।
: कलेक्टर ने कानून व्यवस्था के संबंध में ली बैठक...
Mon, Nov 25, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर.
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी व अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करने को कहा । कलेक्टर ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी सजग होकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के द्वारा की जाने वाली वारदातों, घटनाओं एवं विवादों पर पैनी नजर रखें। किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि होने अथवा अप्रिय स्थिति की संभावना को देखते ही त्वरित रूप में सख्त कार्यवाही करें। इसके अलावा कलेक्टर ने नशीली दवाइयों की अवैध आपूर्ति रोकने, कोटपा एक्ट के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियमित कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने नशामुक्ति के लिए सभी विभाग को समन्वय करते हुए सभी संभव उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने जिले में सड़क यातायात में व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे अवैध दुकान लगाने पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ उन्होंने सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण रोकने और यातायात सुचारु करने के लिए भी नियमित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जयवर्धन ने जिले में होने वाले विभिन्न आयोजनों के दौरान जानबूझकर ध्वनि प्रदूषण कर कानून व्यवस्था का उल्लंघन किए जाने पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने गाड़ियों में अवैध रूप से डीजे साउंड सिस्टम लगाने और मानक स्तर से अधिक ध्वनि उत्पन्न कर प्रदूषण करने पर त्वरित एवम सख्त कार्यवाही करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए।