: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव...शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा कांग्रेस के चेहरों ने भरा पर्चा,2 का हुआ रद्द 134 उम्मीदवार मैदान में...
Admin
Wed, Feb 5, 2025
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर. त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के अंतिम तिथि के पश्चात् आज जिला पंचायत, जनपद पंचायत अंतर्गत संबंधित रिटर्निंग आफिसर द्वारा नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की गई। जिला पंचायत के लिए की गई संवीक्षा पश्चात् नामांकन दाखिल किए अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। जिले के क्षेत्र क्रमांक 02 से अनीता चौहान और क्षेत्र क्रमांक 15 से भागवत सिंह के प्रस्तावकों का संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में नाम न होने के कारण अभ्यर्थियों के नामांकन को रद्द किया गया है। इस तरह अब जिला पंचायत सदस्य के लिए 02 अभ्यर्थियों के नाम काटे जाने के पश्चात अब कुल 134 अभ्यर्थियेां द्वारा निर्वाचन लड़ा जाएगा। 06 फरवरी को अभ्यर्थिता वापिस लेने के लिए अंतिम तारीख निर्धारित है जिसके पश्चात उसी दिन निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार करने, प्रकाशन करने और निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन करने का कार्य संबंधित रिटर्निंग आफिसर द्वारा किया जाएगा। इससे पहले नामांकन का अंतिम दिन जिला पंचायत के लिये भाजपा व कांग्रेस दोनो ही दलों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर समर्थित उम्मीदवारो का नामंकन दाखिल कराया था। लेकिन आकर्षण का केंद्र पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की पुत्री मोनिका सिंह जो क्षेत्र में जूनियर रेणुका के नाम से मशहूर है, की नामांकन रैली रही। इया बार जिला पंचायत सदस्यों के लिए भारी घमासान के आसार है।इस पद हेतु पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा की धर्मपत्नी शशिकला पैकरा, भाजपा नेत्री शांति सिंह,पुष्पा सिंह , युवा नेता अनूप सिन्हा,कांग्रेस से अखिलेश प्रताप सिंह आदि के चुनाव लड़ने से मुकाबला काफी रोचक होना है।भाजपा ने जिला पंचायत सदस्यों हेतु अपने समर्थित उम्मीदवारो की सूची जारी करने के बाद से भारी घमासान मचा हुआ है। कई ऐसे लोग है जिन्हें पार्टी की ओर से अधिकृत नही किया गया है पर उनकी महत्वाकांक्षाये हिलोरें मार रही है।जिसमे भाजपा की महिला नेत्री अधिक है।ज्ञात हो कि इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिलाओ के लिये आरक्षित है साथ ही पन्द्रह में से 8 क्षेत्र महिलाओं के लिये आरक्षित है।लिहाजा, महिला नेत्रियों की सक्रियता बढ़ी हुई है। एक बार फिर रामानुजनगर क्षेत्र इस पंचायत चुनाव में सियासी अखाड़ा बनने को बेताब है।इस बार यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की पुत्री जूनियर रेणुका मोनिका सिंह जिला पंचायत सदस्य के लिए ताल ठोक रही है।हालांकि भाजपा ने उन्हें अपना समर्थन नही दिया है।परंतु आज नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ उन्होंने अपने इरादे से अवगत करा दिया है।इस संवाददाता से चर्चा करते हुए मोनिका सिंह ने कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं का उन्हें समर्थन हासिल है।उन्ही के आशीर्वाद व आदेश वे मैदान में उतरने को विवश है।पार्टी से बगावत के सवाल पर उन्होंने कहा कि बगावत जैसी कोई बात ही नही है।भाजपा के कार्यकर्ता क्षेत्र के युवा,महिला व बुजुर्गों का आशीर्वाद उनके साथ हैं तो वे मैदान में है।पूरे क्षेत्र का दौरा करने के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।जिस पर वे अडिग है।दिलचस्प यह है कि वे इलाके में जूनियर रेणुका के नाम से फेमश है। अपनी माता श्री की तरह तेजतर्रार भाव भंगिमा, बोलने की शैली और दबंगई लोगो को प्रभावित ही नही कर रही बल्कि चर्चा का विषय भी बन रहा है। आज नामंकन के दौरान आमना सामना होने पर उन्होंने क्षेत्र के पूर्व विधायक व कांग्रेस के सीनियर नेता खेलसाय सिंह व पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा से बेझिझक चरण स्पर्श कर जीत का आशीर्वाद मांग लिया।मजेदार बात यह भी है कि इसी क्षेत्र से उनके मुकाबले में शेर ए प्रेमनगर के नाम से मशहूर व पूव मंत्री तुलेश्वर सिंह के पुत्र सतवंत सिंह कांग्रेस की ओर से मैदान में रहने वाले है।सतवंत,के लिए उनकी बहन व कांग्रेस नेत्री शशि सिंह सक्रिय है। शशि सिंह जिला पंचायत सदस्य रहीं और लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुकी है। आज नामंकन रैली में उन्होंने अपनी ताकत भी दिखाई है। शशि की पहचान भी तेजतर्रार नेत्री के रूप में है।ऐसे में इस क्षेत्र से दोनों के मैदान में उतरने से मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।भाजपा ने इस क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह के नाती राजेन्द्र सिंह के पुत्र वेदप्रकाश को अपना समर्थन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन