: नगर पालिका को मिली तीसरी मोबाइल मेडिकल यूनिट...
Mon, Sep 4, 2023
सूरजपुर. मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत सूरजपुर नगर पालिका को तीसरी मोबाइल मेडिकल यूनिट मिली है। जिसका लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष के के अग्रवाल एवं सहयोगी सदस्यों ने किया और विधिवत पूजा अर्चना के उपरांत हरी झंडी दिखाकर मोबाइल मेडिकल यूनिट को गतव्य के लिए रवाना किया । गौरतलब है कि सूरजपुर जिले की 6 नगरीय निकायों के लिए अभी तक दो मोबाइल मेडिकल यूनिट थी, लेकिन शासन द्वारा एक और मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वीकृत करते हुए आज सूरजपुर नगर पालिका को प्रदान की। नगर पालिका अध्यक्ष के के अग्रवाल ने बताया कि सूरजपुर और प्रेमनगर निकाय के लिए एक मोबाइल मेडिकल यूनिट होगी। इसी प्रकार दूसरी यूनिट बिश्रामपुर और भटगांव के लिए तथा तीसरी यूनिट जरही व प्रतापपुर निकाय क्षेत्र में अपनी सेवा देगी। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्र के स्लम बस्ती में ज्यादातर लोग उपचार करने के नाम पर लापरवाही बरतते थे। छत्तीसगढ़ सरकार के नगरी निकाय और श्रम विभाग के सहित तत्वाधान में इस योजना का क्रियान्वयन किया गया है जो सार्थक साबित हो रही है। एमबीबीएस चिकित्सक, पैथोलैब, मेडिकल स्टोर और जांच की सारी सुविधाएं इस यूनिट में निःशुल्क उपलब्ध है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष के अलावा विधायक प्रतिनिधि सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवेश गोयल, पार्षद वीरेंद्र बंसल, तनवीर राधा मुनी सिंह, पुष्पलता गिरधारी साहू, देवदत्त साहू,मोहर लाल गहरवरिया, प्रदीप तिग्गा, प्रवीण घोष, रेणुका बंजारा, गौरी शंकर, पंकज गभेल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, नपा स्टाफ और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
: आईटीआई में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम...
Mon, Sep 4, 2023
सूरजपुर.
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रामानुजनगर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मास्टर ट्रेनर डी.एस. लकड़ा, शत्रुघन मिश्रा तथा सुधाकर शुक्ला के द्वारा संस्था में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं को विस्तारपूर्वक मतदान संबंधित जानकारी देकर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।कार्यक्रम की शुरूवात की गई एवं मतदान से संबंधित मूलभूत जानकारी दी गई। मतदान संबंधी जानकारी देते हुए फॉर्म 6 के द्वारा अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं फॉर्म 8 द्वारा संशोधन कराने एवं सभी को मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री मिश्रा के द्वारा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित कर्मचारियों को मतदाता शपथ ग्रहण कराया गया।
छात्रों को मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी की दी जानकारी
आई.टी. आई. कॉलेज प्रेमनगर में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मास्टर ट्रेनरों द्वारा लोकतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया के विषय में विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया गया। 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में बताया गया तथा नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी बताई गई व पात्र विद्यार्थियों से बी.एल.ओ. की उपस्थिति में प्रारूप- 6 में नाम जोड़ने के फॉर्म भराये गये, तत्पश्चात् विद्यार्थियों द्वारा मतदाता, घुमते तीरों के निशान में पंक्ति बद्ध होकर निष्पक्ष मतदान के संबंध में तहसीलदार मीना सिंह के द्वारा शपथ दिलाई गयी। तत्पश्चात् हाथों में मतदाता से संबंधी विभिन्न प्रकार के बैनर पोस्टर लेकर आई.टी.आई. प्रेमनगर से तहसील कार्यालय प्रेमनगर तक रैली निकाली गई। तहसील कार्यालय में तहसीलदार ने रैली को संबोधित करते हुए निष्पक्ष व निर्भिक मतदान करने का आह्वान किया। इस आयोजन में आई.टी.आई. के शिक्षक स्टॉफ संदीप स्वर्णकार, देवनारायण सिंह, आशीष कुशवाहा, संतोष यादव, हरि प्रसाद प्रजापति फूल सिंह आयम, उदेश कुमार, नंद कुमार, योगेश कुमार तथा बी.एल.ओ. फूलमती प्रेमनगर की सक्रिय सहभागिता रही।
: पुलिस ने अपहृत बालिका को पंजाब से किया बरामद...एक आरोपी गिरफ्तार...
Mon, Sep 4, 2023
सूरजपुर. रामानुजनगर थाना क्षेत्र में नाबालिक पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने धारा 363 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। रामानुजनगर पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए मुखबीर की सूचना व नई तकनीक की मदद ली जिसके आधार पर जानकारी मिली कि अपहृता लुधियाना पंजाब में है जिसके बाद पुलिस टीम विधिवत् लुधियाना पंजाब में दबिश देकर आरोपी मनराखन उर्फ पंचम सिंह के कब्जे से अपहृत बालिका को दस्तयाब किया गया। पीड़िता से पूछताछ के बाद मामले में धारा 366, 376(2-एन) भादसं व पास्को एक्ट की धारा 6 जोड़ी जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।