: ईवीएम, व्ही.व्ही पैट एफएलसी के लिए प्रशिक्षण सम्पन्न...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर
. आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए ईवीएम एवं व्ही.व्ही.पैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया गया। एफएलसी का कार्य 10 जून 2023 से 27 जून 2023 तक अनवरत प्रातः 9.00 से सायं 5.00 बजे तक ईवीएम वेयर हाउस जिला कार्यालय में सम्पन्न किया जायेगा। एफएलसी हॉल में केवल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ही प्रवेश दिया जायेगा। एफएलसी क्षेत्र में बेरीकेटिंग्स रहेगी और प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जायेगी। एफएलसी हॉल में किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन, कैमरा, स्मार्ट वॉच, कैमरा पेन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक व्यक्ति को प्रवेश एवं निकास के लिए लॉग बुक में इन्ट्री करना आवश्यक है। एफएलसी हॉल में वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण में यह बताया गया कि एफएलसी के दौरान तीन प्रकार के कार्य किये जाने है। मशीनों की साफ-सफाई, नैतिक जांच तथा कार्य क्षमता की जांच की जायेगी। प्रत्येक मशीन पर मॉक पोल कर उसके कार्यक्षमता की सूक्ष्मता से जांच की जाएगी। राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों द्वारा चुने गये सदस्यों के माध्यम से मशीनों पर अतिरिक्त मॉकपोल किया जायेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा द्वारा मॉक पोल की प्रक्रिया को प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम व एफएलसी नोलड रवि सिंह, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा त्रिपाठी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण जिला मास्टर ट्रेनर प्रेम चन्द सोनी द्वारा दिया गया।
: जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में धारा 144 लागू...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर
. छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2023 की तिथि घोषित हो चुकी है तथा चुनाव संबंधी तैयारी, प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जिला के विकासखण्ड सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत उंचडीह, रूनियाडीह पेण्डरखी, पार्वतीपुर, कमलपुर, रविन्द्रनगर, विकासखण्ड, भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत केनापारा, विकासखण्ड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत देवनगर, लेडुवा, मदनेश्वरपुर, कल्याणपुर, रामानुजनगर, त्रिपुरेश्वरपुर विकासखण्ड प्रेमनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत ब्रम्हपुर विकासखण्ड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गोन्दा, विकासखण्ड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरसोप, टोटको कछिया, मयूरधक्की, अवंतिकापुर, पासल, पेंडारी, पकनी अंतर्गत पंच के 40 पदों के निर्वाचन के लिए 27 जून 2023 को मतदान होगा। अतएव जिले में लोक परिशान्ति बनाये रखना आवश्यक प्रतीत होता है। इस परिपेक्ष्य में मैं संजय अग्रवाल, जिला मजिस्ट्रेट सूरजपुर, दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उपरोक्त निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला सूरजपुर के विकासखण्ड क्रमशः सूरजपुर, भैयाथान, रामानुजनगर, प्रेमनगर, प्रतापपुर एवं ओड़गी के उपरोक्तानुसार ग्राम पंचायत क्षेत्रों में जहां निर्वाचन सम्पन्न होना है, उन क्षेत्रों में निम्नानुसार प्रतिबंधात्मक निषेधाज्ञा जारी करता हूँ। जिला सूरजपुर के अंतर्गत आने वाले उपरोक्तानुसार क्षेत्र जहां निर्वाचन सम्पन्न होना है, की सीमा क्षेत्र के अंदर कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र यथा बन्दुक, रायफल, पिस्टल, भाला, बल्लन, बरछा, तलवार, गुप्ती, खूखरी लाठी आदि तथा विस्फोटक सामग्री लेकर किसी भी सार्वजनिक स्थान, आम सड़क रास्ता व अन्य स्थानों पर नहीं चलेगा। जिले में उपरोक्तानुसार पंचायतों के ऐसे क्षेत्र जहाँ निर्वाचन सम्पन्न होना है, कोई भी राजनैतिक दल या अभ्यर्थी सशस्त्र जुलूस नहीं निकालेगा और आपत्तिजनक नारे नहीं लगायेगा। आपत्तिजनक पोस्टर आदि प्रदर्शित नहीं करेगा। जिले में उपरोक्तानुसार पंचायतों के ऐसे क्षेत्र जहाँ निर्वाचन सम्पन्न होना है, किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन, चक्का जाम एवं पुतला दहन किसी भी स्थिति में वर्जित रहेगा। कोई भी राजनैतिक दल अथवा व्यक्ति द्वारा आम सभा, जुलूस, धरना आदि आयोजित करने के 24 घंटा पूर्व उसकी विधिवत् लिखित सूचना सक्षम प्राधिकारी को देगा तथा अनुमति प्राप्त होने के बाद संबंधित राजनैतिक दल अथवा व्यक्ति आम सभा, जुलूस, धरना आदि का आयोजन कर सकेगा। कोई भी राजनैतिक दल अथवा व्यक्ति जिला- सूरजपुर के अन्तर्गत आने वाले उपरोक्त उल्लेखित ग्रामीण क्षेत्रों के किसी भी धार्मिक स्थल या उसके आस-पास 100 मीटर की परिधि में आमसभा का आयोजन नहीं करेगा और न ही धार्मिक स्थलों का उपयोग किसी भी तरह के राजनैतिक प्रयोजनों हेतु करेगा। किसी भी राजनैतिक दल अथवा व्यक्ति द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी (संबंधित रिटर्निंग, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर) की अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से किसी प्रकार के नारेबाजी या प्रचार प्रसार एवं वक्तव्य का उद्घोष नहीं करेगा। मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व की अवधि में किसी भी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र नारेबाजी या प्रचार प्रसार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यद्यपि निषेधाज्ञा आदेश जारी करने के पूर्व जिला सूरजपुर के उपरोक्तानुसार उप निर्वाचन सम्बन्धित क्षेत्रों के आम नागरिकों को सुना जाना आवश्यक है, किन्तु परिस्थितियों एवं समयाभाव के कारण पृथक से पूर्व सूचना देकर सुना जाना संभव नहीं है। अतएव दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अधीन एक पक्षीय आदेश पारित किया जाता है। इस आदेश की कण्डिका-1 उन व्यक्तियों, अधिकारियों कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें अपने कार्य सम्पादन के लिये लाठी या शस्त्र रखना आवश्यक है। यह आदेश उन शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों पर भी लागू नहीं होगा जिन्हें चुनाव, मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह आदेश उन व्यक्तियों पर भी लागू नहीं होगा, जिन्हें शारीरिक दुर्बलता, वृद्धावस्था या लंगड़ा पन होने के कारण लाठी रखना आवश्यक है। आज 01 जून 2023 को मेरे हस्ताक्षर व पदमुद्रा से जारी यह आदेश उक्त निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने तक की अवधि के लिए प्रभावशील रहेगा।
ग्राम पंचायत क्षेत्रों में रात्रि में 10.00 बजे से प्रातः 06.00 बजे के मध्य ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और शांतिपूर्ण चुनाव हेतु लायसेंसधारियों के शस्त्र जमा करने आदेश जारी
किया गया है.
: उड़ीसा में भाग लेने जिले के खिलाड़ी हुए रवाना...
Wed, Jun 7, 2023
सूरजपुर
. भारत सरकार संस्कृत मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइन्स भुवनेश्वर के सहयोग से अनुसूचित जनजातीय खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 खेल प्रतियोगिता तथा 18 जनजातीय डेमोस्ट्रेशन गेम्स का आयोजन 09 से 12 जून 2023 को भुवनेश्वर (उड़ीसा) में किया जा रहा है। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 25 मई 2023 को बहतराई स्टेडियम बिलासपुर में किया गया, जिसमें तीरंदाजी, फुटबॉल एथलेटिक्स, हॉकी, खो-खो, रग्बी स्वीमिंग, वॉलीबाल व योगासन खेल सम्मिलित थे। चयन ट्रायल में जिले के 07 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर हेतु किया गया है। फुटबॉल बालक वर्ग में रोहित कुमार सिंह व विकास सिंह, व्हॉलीबाल बालक वर्ग में महेन्द्र प्रताप सिंह, धनेश्वर सिंह, बालिका वर्ग में प्रियंका सिंह, शीतल सिंह पूजा पैकरा का चयन हुआ है तथा खिलाडियों के साथ ऑफिसियल्स के रूप में जाने हेतु दिनेश साहू प्रधानपाठक, शा.प्रा.शाला बारनवापारा को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर सभी चयनित खिलाड़ियों को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संयुक्त कार्यालय में बॉलीबाल व फुटबॉल प्रदान कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने हेतु प्रोत्साहित करते हुये अग्रिम शुभकामनाएं दी।