: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग...
Admin
Fri, Jun 21, 2024
सौरभ द्विवेदी
सूरजपुर आज 10 वा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक योग का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक भूलन सिंह मरावी सहित बाबूलाल अग्रवाल, श्रीमती सुमन सिंह, श्रीमती गीता जयसवाल, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक एम.आर. अहिरे, जिला पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिकों सहित स्कूली बच्चो ने विभिन्न मुद्राओं में योगाभ्यास किया। योग दिवस आयोजन के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने उपस्थित जनो को संबोधित करते हुए कहा कि योग हमारे परंपरा और संस्कृति का हिस्सा रहा है। ऋषि मुनिगण भी योग से सिद्धि प्राप्त करते थे और समाज के कल्याण में ऊर्जा को लगाते थे। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को विश्व पटल पर एक नया रूप दिया। आज पूरा विश्व योग कर रहा है। हमें योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वही मुख्यमंत्री ने भी योग का संदेश दिया है। इस अवसर पर बच्चे बूढ़े सभी योग कर रहे हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं नागरिकों को बधाई दी है और उन्होंनेे प्रतिदिन योग के लिए कहा, इससे तन और मन दोनों स्वस्थ्य रहता है। आज पूरा विश्व योग अपना रहा है और उसे अपने जीवन में निरंतर अपनाने की आवश्यकता है। कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा हैं। योग भारतीय संस्कृति की पहचान है। शरीर स्वस्थ रहे इसलिए दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। उन्होंने जिला स्तरीय सामूहिक योग दिवस पर उपस्थित सभी अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य व नागरिकों सहित स्कूली बच्चों को योग दिवस की बधाई दी। इसके साथ ही प्रतापपुर में भी भव्य कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में प्रतापपुर विधायक श्रीमती शंकुन्तला सिंह पोर्ते उपस्थित थी।
विज्ञापन
विज्ञापन