सड़क हादसे के बाद उपद्रव : क्रेशर प्लांट में आगजनी और चक्काजाम कर शव रोकने के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
Subhas Gupta
Mon, Oct 19, 2026
सूरजपुर। जिले के दूरस्थ अंचल बिहारपुर चांदनी के ग्राम कुबेरपुर में सड़क दुर्घटना के बाद उग्र भीड़ द्वारा क्रेशर प्लांट में आगजनी करने और शव पंचनामा व प्रशासनिक कार्य में बाधा डालकर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला 17 अक्टूबर की है दोपहर ग्राम कुबेरपुर में पत्थर लोड ट्रैक्टर के चालक जयकुमार वैस ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ कुबेरपुर चौक पर जमा हो गए। समझाइश के बावजूद उपद्रवियों ने रात में महावीर पाठक के क्रेशर प्लांट पर धावा बोल दिया।
आरोपियों ने डीजल-पेट्रोल डालकर प्लांट के कार्यालय, एक जेसीबी, जनरेटर, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया। क्रेशर के मुंशी राजनारायण पाण्डेय की शिकायत पर थाना चांदनी में बीएनएस की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
चक्काजाम कर शव उठाने से रोका, शासकीय कार्य में डाला व्यवधान
दुर्घटना के बाद उपद्रवियों ने कुबेरपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार बिहारपुर और पुलिस बल ने समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र होकर शव का पंचनामा करने और उसे ले जाने से रोकने लगे। प्रशासनिक कार्य में गंभीर व्यवधान उत्पन्न करने पर प्रभारी तहसीलदार की रिपोर्ट पर शासकीय कार्य में बाधा और बलवा सहित अन्य धाराओं में दूसरा मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दबिश देकर दोनों मामलों के आरोपी छकउ साकेत 46 वर्ष निवासी नावाटोला,सुभग लाल साकेत 33 वर्ष निवासी कुबेरपुर, मनीष यादव 19 वर्ष निवासी कुबेरपुर यादवपारा, मुन्नीलाल यादव 40 वर्ष निवासी कुबेरपुर, मालिकचंद साकेत 44 वर्ष निवासी कुबेरपुर, कृष्ण यादव 29 वर्ष निवासी कुबेरपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में है।
विज्ञापन
विज्ञापन