: पुलिस की टीम रक्षक का आईजी सरगुजा ने किया शुभारंभ....स्कूलों, कालेजों के पास करेगी पेट्रोलिंग….हिम्मत कार्यक्रम से जुड़े बालिकाओं ने मलखम, सेल्फ डिफेंस का किया प्रदर्शन....
Admin
Wed, Dec 15, 2021
सूरजपुर. जिले में महिलाओं की सुरक्षा एवं विभिन्न मुद्दों पर जागरूक करने टीम रक्षक का शुभारंभ आईजी सरगुजा अजय कुमार यादव ने किया.इसका उद्देश्य जिले की महिलाओं-छात्राओं के लिए निडर वातावरण बनाने, अपराधों से बचने के साथ पुलिस से सम्पर्क करने के लिए प्रेरित करने, सोशल मीडिया को लेकर आवश्यक सावधानियों के बारे में बताने स्कूल, कालेजों सहित अन्य जगहों पर पेट्रोलिंग करने के साथ ही हेल्पलाइन नम्बर प्रचारित करना है. शुभारंभ पर अतिथियों ने टीम रक्षक को कैप एवं बैच लगाकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने कहा. कालेज स्टेडियम में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम पर पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव ने कहा समय की आवश्यकता के अनुरूप पुलिस की भूमिका बढ़ी है, पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित टीम रक्षक स्कूलों और कालेजों के छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने की दिशा में यह एक बड़ी पहल है जिससे ऐसे घटनाओं पर रोक लगाई जा सकेगी. जिले की पुलिस ने अभिनव पहल करते हुए टीम रक्षक का गठन किया है जो सराहनीय बताया. और हिम्मत कार्यक्रम से जुड़े छात्राओं के द्वारा मलखम व सेल्फ डिफेंस के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इन आयोजनों के लिए पुलिस अधीक्षक व उनकी टीम की प्रशंसा की. कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह ने जिले की पुलिस चुनौतियों से निपटने एवं महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार अभिनव पहल कर अपने मूल कार्यो के साथ-साथ महिला सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा है समाज का हर व्यक्ति टीम रक्षक बनकर अपराध को रोकने में पुलिस की मदद करें ताकि सुरक्षित परिवेश बनाया जा सके. समाज व लोगों की बेहतरी के लिए प्रशासन व पुलिस सदैव आपके साथ खड़ा है. पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कहा कि टीम रक्षक जिसमें 12 महिला पुलिस कर्मियों का दल स्कूल-कालेजों सहित अन्य स्थानों पर पेट्रोलिंग कर महिलाओं के लिए निडर वातावरण बनाते हुए स्कूली बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देगी, उन्हें अपराधों से बचने के उपाय से अवगत करायेगी, टीम रक्षक आपकी सुरक्षा में सदैव तत्पर रहेगी और इसका बेहतर परिणाम भी आने वाले समय में दिखेगा. कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईओ राहुल देव गुप्ता,नगर पालिका अध्यक्ष के.के.अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती भगवती राजवाड़े एवं रेवती रमण मिश्रा महाविद्यालय के प्राचार्य एस.एस.अग्रवाल ने भी संबोधित किया. आभार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व मंच संचालन अशोक उपाध्याय ने किया. इस दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, स्कूल, कालेजों की छात्र-छात्राएं, शिक्षक सहित बडी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे.

विज्ञापन
विज्ञापन