लाइफ लाइन एक्सप्रेस : निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 5 सितंबर तक, अब तक 1944 मरीजों की जांच
Rajesh Soni
Tue, Aug 18, 2026
सूरजपुर। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की लाइफ लाइन एक्सप्रेस द्वारा विश्रामपुर रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-02) पर जिलेवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और सर्जरी की सुविधा दी जा रही है। 16 अगस्त से शुरू हुए शिविर में अब तक 1944 मरीजों की जांच पूरी हो चुकी है, जिनमें 1820 नेत्र और 124 स्त्री रोग से संबंधित मरीज शामिल हैं। ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित हो रही है।
आगामी उपचार एवं सर्जरी का कार्यक्रम
नेत्र रोग: 16 से 21 अगस्त तक जांच तथा 17 से 22 अगस्त तक मोतियाबिंद की सर्जरी (निःशुल्क दवा व चश्मा उपलब्ध)।
स्त्री रोग (कैंसर स्क्रीनिंग): 16 से 21 अगस्त तक स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच।
कान रोग व ऑडियोमेट्री: 22 से 27 अगस्त तक जांच और 23 से 28 अगस्त तक ऑपरेशन।
अस्थि सुधार व प्लास्टिक सर्जरी (18 वर्ष से कम): 28 से 31 अगस्त तक जांच और 29 अगस्त से 1 सितंबर तक सर्जरी।
दंत चिकित्सा: 1 से 5 सितंबर तक दांतों की जांच एवं उपचार।
प्रमुख दिशा-निर्देश
पहचान पत्र: आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य है।
अटेंडेंट: भर्ती मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रुकने की अनुमति होगी।
हेल्पलाइन: अधिक जानकारी के लिए 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिलेवासियों से इस निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

विज्ञापन
विज्ञापन