अव्यवस्था : ओड़गी सेंट्रल बैंक में एक माह से 'मैनेजर' की कुर्सी खाली, भीषण गर्मी में दर-दर भटक रहे ग्रामीण और कर्मचारी
Rajesh Soni
Fri, May 8, 2026
सूरजपुर। ओड़गी ब्लॉक मुख्यालय स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पिछले एक महीने से अधिक समय से शाखा प्रबंधक (मैनेजर) का पद रिक्त होने के कारण क्षेत्र की बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं। पूर्व प्रबंधक के स्थानांतरण के बाद अब तक किसी नए अधिकारी ने पदभार ग्रहण नहीं किया है, जिसका खामियाजा ग्रामीणों और सरकारी कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। ओड़गी स्थित यह इकलौता सेंट्रल बैंक होने के कारण क्षेत्र की लगभग आधी आबादी का खाता इसी शाखा से संचालित होता है। प्रबंधक की अनुपस्थिति से कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं जिसमें दूर - दराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों इस भीषण गर्मी में बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक कष्ट झेलना पड़ रहा है। एक मात्र बैंक होने के कारण ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के शासकीय लेनदेन और अन्य जरूरी कागजी कार्य अटके हुए हैं। बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी न मिलने के कारण ग्रामीणों में बैंक प्रबंधन के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
हमें बैंक कर्मचारी कह रहे हैं कि अभी नए मैनेजर साहब ने जॉइनिंग नहीं ली है। इस भीषण गर्मी में हम मीलों दूर से आते हैं और खाली हाथ लौटना पड़ता है। उच्च अधिकारियों को हमारी तकलीफ नहीं दिख रही।" — क्षेत्रीय ग्रामीण
उच्च अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक के उच्च अधिकारियों को इस स्थिति की पूरी जानकारी होने के बावजूद, अब तक नए प्रबंधक की नियुक्ति या किसी वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बैंक कर्मचारी भी सीमित अधिकारों के कारण कई महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने में असमर्थता जता रहे हैं। अब क्षेत्र की जनता के बीच यह बड़ा सवाल है कि उच्च प्रबंधन इस गंभीर मामले को कब संज्ञान में लेता है और ओड़गी की जनता को इस अव्यवस्था से कब मुक्ति मिलती है।
विज्ञापन
विज्ञापन