भक्ति की बयार : पचिरा में पंचमुखी हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, श्रद्धालुओं ने लिया कुरीतियों को त्यागने का संकल्प
Rajesh Soni
Fri, May 8, 2026
सूरजपुर। राम वन गमन परिपथ पर स्थित माँ रेणुका नदी के पावन तट पर बसे ग्राम पचिरा में आध्यात्मिक उत्साह का माहौल रहा। यहाँ स्थित शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में पंचमुखी दक्षिणमुखी हनुमान जी का पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान अत्यंत हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा का यह भव्य आयोजन मुख्य आचार्य श्री बालकिशुन गर्ग जी और उनकी पांच सदस्यीय टीम के मार्गदर्शन में पूर्ण हुआ। पांच दिनों तक चले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन प्रातः काल विशेष पूजन-अर्चन किया गया। वहीं, सायंकाल में विश्रामपुर के मौनी बाबा के श्रीमुख से प्रवाहित होती ज्ञान और भक्ति की रसधारा ने समूचे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
भक्तों का समागम और सामाजिक परिवर्तन
इस धार्मिक आयोजन में केवल पचिरा ही नहीं, बल्कि विश्रामपुर, सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भक्ति रस में डूबकर कई ग्रामीणों ने अपने व्यसनों (बुरी आदतों) को त्यागने का संकल्प लिया, जिससे समाज में एक सकारात्मक ईश्वरीय चेतना का संचार हुआ है।
जनसहयोग से सफल हुआ आयोजन
मंदिर निर्माण से लेकर प्राण प्रतिष्ठा के इस महायज्ञ तक समाज के हर वर्ग का भरपूर सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं, मातृशक्ति और प्रबुद्धजनों ने तन, मन और धन से अपना योगदान दिया। इस अनुष्ठान की सफलता में सुदर्शन रजवाड़े, श्यामजीत रजवाड़े, बिहारी लाल कुलदीप, मनोज कुमार पाण्डेय, श्याम नारायण राजवाड़े, मुलेश्वर प्रसाद राजवाड़े, जीत वाहन राजवाड़े, गीता प्रसाद राजवाड़े, आर. पी. राजवाड़े, अम्बिकेश्वर राजवाड़े सहित पूर्व सरपंच जीतराम मिंज, कोटवार बरे लाल घासी और समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता रही।
विज्ञापन
विज्ञापन