हत्या : पिता की हत्या कर बोरी में लाश फेंकने वाला बेटा मां, मौसा व दोस्त सहित गिरफ्तार
Rajesh Soni
Wed, Jun 24, 2026
सूरजपुर। रामानुजनगर पुलिस ने तिवरागुड़ी-सरनापारा में बोरी में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतक के सगे बेटे और पत्नी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक शिवप्रसाद अक्सर अपनी पत्नी बीरा बाई से मारपीट करता था। इसी घरेलू कलह से तंग आकर 10 जून की रात बेटे अमृत लाल ने सोते समय लोढ़े व टांगी से वार कर पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद मां ने कमरे के खून को गोबर से पोतकर साक्ष्य छुपाया। इसके बाद बेटे ने अपने मौसा हरवंश सिंह और दोस्त कौशल उईके के साथ मिलकर शव को बोरी में बांधा और मोटरसाइकिल से ले जाकर तिवरागुड़ी डांड में फेंक दिया। सोशल मीडिया के जरिए लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार मृतक का मोबाइल और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन