: जच्चा-बच्चा मौत का मामला...कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी...
Tue, Apr 18, 2023
सूरजपुर. स्वास्थ्य मंत्री के गृह संभाग के सूरजपुर जिला मुख्यालय से सटे ग्राम तिलसिवां स्थित रश्मि नर्सिंग होम मे ऑपरेशन के बाद जच्चा बच्चा की मौत के मामले में स्त्री रोग विशेषज्ञ के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर शिवसेना ने एक दिवसीय धरना देने का ज्ञापन एसडीएम सूरजपुर को सौंपा है। इधर मृतका के स्वजनों ने भी जिला प्रशासन से मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही नहीं होने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। जनप्रतिनिधियों व जिम्मेदारो के निक्कमेपन से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है अपनी पुत्री को इंसाफ दिलाने के लिए पिता ने पुलिस सहित जिले के आलाधिकारियो के पास जाकर न्याय को गुहार लगाई. लेकिन निराश होने पर SDM को पत्र लिखकर न्याय के लिए आन्दोलन करने की बात कही है. गौरतलब है कि रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम भुनेश्वरपुर भकमा निवासी राम नारायण साहू की पत्नी पूजा साहू 22 वर्ष गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे विगत तीन अप्रैल को सुबह जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया था। जहां उसकी पीड़ा बढ़ने पर परिजनों ने चार अप्रैल को गर्भवती महिला का इलाज कर रही स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रश्मि कुमार से उसे उपचार के लिए अंबिकापुर रिफर करने की मांग की। परिजनों के मुताबिक स्त्री रोग विशेषज्ञ ने उनसे कहा कि आपको इसे लेकर अंबिकापुर जाने की जरूरत नहीं है। तिलसिवां गांव में मेरा नर्सिंग होम है। आप इन्हें वहां ले चलें, मैं सुरक्षित ढंग से प्रसव करा दूंगी। उसके बाद प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को परिजन रश्मि नर्सिंग होम ले गए। जहां स्त्री रोग विशेषज्ञ ने अपना रेट लिस्ट बताकर परिजनों से दस हजार रुपये जमा भी करा लिए। पांच अप्रैल को दिन 11 बजे तक सामान्य प्रसव नही होने पर नर्सिंग होम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ने ऑपरेशन के जरिए महिला का प्रसव कराया। डॉक्टर ने मृत बच्चा पैदा होने की जानकारी परिजनों को दी और बताया कि प्रसव के बाद महिला पूरी तरह स्वस्थ है। डाक्टर के कहने पर परिजनों ने मृत जन्मे नवजात शिशु को रेड नदी में दफना दिया था। उसी रात को रक्त चढ़ाने के दौरान रात में महिला ने भी दम तोड़ दिया। इस मामले में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रश्मि कुमार एवं उनके स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें जिम्मेदार ठहरा कर परिजन लगातार अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की जा रही है। शिवसेना के जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव ने एसडीएम सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर उक्त मामले में दोषी स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं उनके स्टाफ के विरुद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर रंगमंच मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने अल्टीमेटम दिया है।
: भूमि संरक्षण विभाग का कारनामा.. 3.50 करोड़ रुपए की बंदरबाट...
Tue, Apr 18, 2023
सूरजपुर. सहायक भूमि संरक्षण कार्यालय के अफसरों ने सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने और भूमि सुधार के नाम पर सरकार से मिली 3.50 करोड़ रुपए का बंदरबाट कर डाला जबकि कोई काम धरातल पर नहीं किया. यह आरोप आरटीआई कार्यकर्ता एएन पाण्डेय ने आरटीआई से मिली जानकारी के बाद लगाया है। उन्होंने इस पर राशि की वसूली व अफसरों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए शिकायत पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर सहित संभागीय संयुक्त संचालक कृषि से की है। एएन पाण्डेय ने बताया कि सूरजपुर जिला के सहायक भूमि संरक्षण के 4 अधिकारियो ने अपने पद पर पदस्थ रहते हुए लोक हितार्थ योजनाओं के लिए प्राप्त शासकीय राशि लगभग 3करोड़ 51 लाख रुपए से भी अधिक का विधि विरुद्ध तरीके से बतौर एडवांस नगद और कुछ चेक से लेन-देन कर अफरा-तफरी व बंदरबांट की है, जबकि उन्हें उस तरह से शासकीय रुपये देने व लेने का कोई पात्रता नहीं थी और न ही कोई वैधानिक प्रावधान है।आरटीआई कार्यकर्ता एएन पाण्डेय का कहना है कि अफसरों ने बड़ी मुश्किल से आरटीआई में जानकारी दी जिसमें एडवांस पेमेंट होना बताया गया है लेकिन इसके बाद क्या काम हुआ विभाग में इसकी जानकारी नहीं है।
: शासकीय उचित मूल्य दुकानों के नवीन आबंटन संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित...
Tue, Apr 18, 2023
सूरजपुर
. अनुविभागीय अधिकारी (रा.) जिला सूरजपुर द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार आमजनों, सहकारी समितियों, वृहद आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समिति (लेम्पस), प्राथमिक कृषि साख समिति, वन सुरक्षा समिति, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत अन्य उपभोक्ता सहकारी समिति तथा स्थानीय स्वशासी निकाय को सूचित किया जाता है कि शासकीय उचित मूल्य दुकान छिन्दिया, बरौल एवं उमेषपुर, विकास खण्ड रामानुजनगर का नवीन आबंटन नियुक्त किया जाना है। शासकीय उचित मूल्य दूकान संचालन के इच्छुक संस्था 03 मई 2023 तक कार्यालयीन समय शाम 05.30 बजे तक संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में संस्था के प्रस्ताव एवं अन्य दस्तावेज सहित प्रस्तुत कर सकते है। नियत तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जावेगा।